लखनऊ :- राजधानी लखनऊ में स्थित एक बहुमंजिला इमारत में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। जिस भवन में कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था, वहां अचानक लगी आग ने अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक पेट शॉप में शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना निर्धारित अलीगढ़ दौरा रद्द कर लखनऊ पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार और मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश भी दिए।
प्रशासन और फायर विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, हादसे के बाद इमारत की सुरक्षा व्यवस्था, फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता और मानकों के पालन को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि भवन में संचालित संस्थानों के पास आवश्यक सुरक्षा प्रमाणपत्र थे या नहीं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।
इस घटना के बाद प्रदेश के अन्य कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक भवनों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग भी तेज हो गई है। प्रशासन ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







