Bondi beach :- ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में स्थित मशहूर बॉन्डी बीच रविवार को उस वक्त दहल उठा, जब यहूदी समुदाय के चानुका (Chanukah) उत्सव के दौरान दो हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस भीषण गोलीबारी में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इस हमले को आधिकारिक तौर पर ‘आतंकी घटना’ (Terror Incident) घोषित कर दिया है।
दो हमलावर, एक ढेर, दूसरा गिरफ्तार
ऑस्ट्रेलियाई पुलिस के मुताबिक, हमले में दो बंदूकधारी शामिल थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक हमलावर को मौके पर ही मार गिराया गया, जबकि दूसरे को एक बहादुर नागरिक ने दबोच लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आम नागरिक बना हीरो
घटना के दौरान मौजूद एक आम नागरिक ने जान जोखिम में डालकर हमलावर का सामना किया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वह शख्स गोलियों की आवाज़ के बीच पार्क की गई कारों की आड़ लेते हुए हमलावर तक पहुंचा और उसे पकड़कर ज़मीन पर गिरा दिया। उसकी इस बहादुरी से कई लोगों की जान बच सकी और पुलिस को कार्रवाई का मौका मिला।
पुलिसकर्मी भी घायल
न्यू साउथ वेल्स के पुलिस कमिश्नर माल लैन्यन ने बताया कि घायलों में दो पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। सभी घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है।
देश-विदेश में निंदा
इस हमले के बाद ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री, राज्य सरकार, यहूदी समुदाय के नेताओं और कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं ने कड़ी निंदा की है। सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे की मंशा और आतंकी कनेक्शन की जांच में जुट गई हैं।
जांच जारी
पुलिस ने बॉन्डी बीच और आसपास के इलाकों को सील कर दिया है। चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक






