Dhurandhar 2 teaser :- आखिरकार इंतजार खत्म हुआ! मचअवेटेड फिल्म ‘धुरंधर 2’ का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। 12:12 बजे लॉन्च किए गए इस टीजर ने इंटरनेट पर धमाल मचा दिया। फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, हालांकि कुछ दर्शकों का मानना है कि टीजर में ज्यादा नए दृश्य नहीं दिखाए गए हैं और पहले पार्ट की कहानी की झलक ही प्रमुख रूप से सामने आई है।
पिछले साल 5 दिसंबर को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई की थी। फिल्म ने दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया। हाल ही में ओटीटी पर रिलीज होने के बाद भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया और पाकिस्तान में भी ट्रेंड करती नजर आई। इसी जबरदस्त माहौल के बीच मेकर्स ने दूसरे भाग का टीजर जारी कर दिया है।
टीजर में दिखाया गया है कि शेर-ए-बलोच रहमान डकैत (अक्षय खन्ना) को खत्म करने के बाद हमजा (रणवीर सिंह) कैसे ल्यारी में अपना वर्चस्व कायम करता है। साथ ही जसकीरत सिंह रंगी के हमजा बनने की कहानी की झलक भी मिलती है। हर फ्रेम में हाई-वोल्टेज एक्शन और दमदार डायलॉग्स नजर आते हैं। फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

दूसरे पार्ट में कहानी हमजा के पाकिस्तान में सीक्रेट मिशन और उसकी असली पहचान पर केंद्रित होगी। आखिर जसकीरत सिंह रंगी कौन है? अजय सान्याल (आर माधवन) ने उसे किस मकसद से पाकिस्तान भेजा? इन सवालों के जवाब इस बार मिलेंगे। स्टारकास्ट के अनुसार, यह भाग पहले से “50 गुना ज्यादा” रोमांचक और एक्शन से भरपूर होगा।
पहले भाग में अक्षय खन्ना ने रहमान डकैत के किरदार से खास पहचान बनाई थी और उनकी खूब सराहना हुई थी। कई जगहों पर उनकी चर्चा रणवीर सिंह से भी ज्यादा हुई। फिल्म में रणवीर सिंह, आर माधवन, राकेश बेदी, दानिश पोदार, संजय दत्त और सारा अर्जुन अहम भूमिकाओं में हैं। निर्देशक आदित्य धर की इस फिल्म ने भारत में लगभग 893 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जबकि वर्ल्डवाइड कमाई 1353 करोड़ रुपये तक पहुंची।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







