Varanasi News :- आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर वाराणसी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से सिगरा थाना पुलिस ने कैंट रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रेहड़ी और ठेला संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक के दौरान व्यापारियों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि किसी भी स्थिति में सड़क पर अतिक्रमण नहीं किया जाएगा और न ही ऐसा कोई कार्य किया जाएगा, जिससे कांवड़ यात्रियों, रेलवे यात्रियों या आम नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो।
ठेलों पर रेट लिस्ट और पहचान अनिवार्य
पुलिस ने सभी ठेला एवं रेहड़ी संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपने ठेले पर बिक्री होने वाले सामान की रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। इसके साथ ही रेट लिस्ट पर थाना सिगरा का संपर्क नंबर भी अंकित करने को कहा गया, ताकि अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
साफ-सफाई और अनुशासन पर विशेष जोर
बैठक में व्यापारियों को अपने ठेले पर नाम और मोबाइल नंबर लिखने तथा आसपास के क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक होगी।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







