UP Board Fake Topper Scam :- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के नाम पर छात्रों और अभिभावकों को ठगने वाला एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए कुछ लोग छात्रों से संपर्क कर 20 हजार रुपये लेकर परीक्षा में कम अंक पाने वाले विद्यार्थियों को टॉपर बनाने या उनके नंबर बढ़वाने का दावा कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ठग पहले छात्रों से उनकी मार्कशीट और व्यक्तिगत जानकारी मंगवाते हैं। इसके बाद व्हाट्सएप पर संशोधित (एडिटेड) मार्कशीट भेजकर भरोसा जीतने की कोशिश करते हैं। आरोप है कि गिरोह यह दावा करता है कि बोर्ड के रिकॉर्ड में भी अंक बढ़वा दिए जाएंगे, जबकि वास्तविकता में यूपी बोर्ड की ओर से ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणाम, अंक या मार्कशीट में किसी भी प्रकार का बदलाव केवल निर्धारित आधिकारिक प्रक्रिया के तहत ही संभव है। किसी भी व्यक्ति या एजेंट के माध्यम से पैसे देकर अंक बढ़वाने का दावा पूरी तरह भ्रामक और धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है।
अधिकारियों ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी लालच में न आएं और यदि कोई व्यक्ति अंक बढ़ाने, फेल छात्र को पास कराने या टॉपर बनाने का दावा करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित अधिकारियों को दें। साथ ही केवल यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत माध्यमों से ही परीक्षा परिणाम एवं अन्य जानकारी प्राप्त करें।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







