Takeda dengue vaccine :- भारत सरकार ने डेंगू की रोकथाम के लिए देश की पहली वैक्सीन को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने जापानी दवा कंपनी Takeda की Qdenga वैक्सीन के उपयोग को स्वीकृति प्रदान की है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार यह वैक्सीन 4 से 60 वर्ष की आयु के लोगों को डेंगू संक्रमण से बचाने के लिए दी जाएगी।
दो डोज में लगेगी वैक्सीन
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि Qdenga वैक्सीन की दो खुराक दी जाएंगी। पहली और दूसरी डोज के बीच तीन महीने का अंतर रखा जाएगा। यह वैक्सीन डेंगू वायरस के सभी चार प्रमुख प्रकार (Serotypes) से सुरक्षा देने में सक्षम मानी गई है।
Russia Ukraine War :- यूक्रेन में जहाज पर मिसाइल हमला, 4 भारतीयों की मौत; भारत ने जताया कड़ा विरोध
कई देशों में पहले से है मंजूरी
Qdenga वैक्सीन को यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, स्विट्जरलैंड, इंडोनेशिया सहित 42 देशों में पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। इसे विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की प्रीक्वालिफिकेशन भी प्राप्त है। अब तक दुनिया भर में इसकी 2.4 करोड़ से अधिक डोज दी जा चुकी हैं और किसी बड़े सुरक्षा संबंधी खतरे की जानकारी सामने नहीं आई है।
भारत में होगा निर्माण
Takeda ने भारत की वैक्सीन निर्माता कंपनी Biological E के साथ साझेदारी की है, ताकि भविष्य में इस वैक्सीन का उत्पादन भारत में भी किया जा सके। इससे देश में डेंगू से बचाव के लिए टीकों की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है।
डेंगू से लड़ाई में अहम उपलब्धि
विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ते शहरीकरण, जलवायु परिवर्तन और बदलते मौसम के कारण डेंगू के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में पहली डेंगू वैक्सीन को मंजूरी मिलना सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। सरकार ने लोगों से डेंगू से बचाव के लिए साफ-सफाई बनाए रखने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की भी अपील की है।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







