Jyoti Malhotra Case :- पुलिस का दावा— यूट्यूबर ने साझा की संवेदनशील जानकारी, पाकिस्तान और चीन से जुड़े हैं तार
हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों को संवेदनशील जानकारी देने और जासूसी में संलिप्त होने के आरोप में गिरफ्तारी के बाद मामला गरमा गया है। वहीं, उनकी गिरफ्तारी पर उनके पिता हरीश मल्होत्रा ने बयान जारी करते हुए कहा कि, “मेरी बेटी केवल यूट्यूब वीडियो बनाने के मकसद से पाकिस्तान गई थी, उसने सभी जरूरी अनुमति ली थी।”
“अगर वहां उसके दोस्त हैं, तो क्या वह उन्हें कॉल नहीं कर सकती?”
पिता ने सवाल उठाया कि क्या कोई महिला, जो केवल वीडियो शूटिंग के लिए दूसरे देश गई हो, अपने मित्रों से बातचीत भी नहीं कर सकती? उन्होंने आगे कहा, “हमने कोई कानून नहीं तोड़ा है। पुलिस हमारे घर से मोबाइल फोन, लैपटॉप, पासपोर्ट और बैंक स्टेटमेंट तक ले गई है। कम से कम हमारे डिवाइस तो वापस कर दें।”
क्या कहती है पुलिस?
हिसार के एसपी शशांक कुमार सावन के अनुसार, ज्योति ने कई बार पाकिस्तान का दौरा किया, जिसमें पहलगाम आतंकी हमले से पहले की यात्रा भी शामिल है। यही नहीं, वह चीन भी जा चुकी है, और पाकिस्तानी एजेंसियों द्वारा उसे ‘एसेट’ के रूप में तैयार किया जा रहा था।
एसपी ने बताया कि हरियाणा पुलिस केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर पूछताछ कर रही है। उसकी आय के स्रोत, वित्तीय लेन-देन, और यात्रा इतिहास का विश्लेषण किया जा रहा है।
एफआईआर में दर्ज गंभीर आरोप
एफआईआर के अनुसार, ज्योति की मुलाकात पाकिस्तानी नागरिक एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश से 2023 में दिल्ली में वीजा आवेदन के दौरान हुई थी। दानिश को भारत से जासूसी के आरोप में निष्कासित किया गया था।
ज्योति का यूट्यूब चैनल ‘Travel With Jyo’ खासकर ‘इंडियन गर्ल इन पाकिस्तान’ और ‘Exploring Pakistan’ जैसे शीर्षकों वाले वीडियो के कारण चर्चा में रहा है। वह दो बार अली अहवान के आतिथ्य में पाकिस्तान गई थी, और शकीर, राणा शाहबाज और जट्ट रंधावा जैसे संदिग्धों से संपर्क में रही।
पिता बोले: बेटी निर्दोष है
हरीश मल्होत्रा का कहना है कि, “सिर्फ पाकिस्तान जाकर वीडियो बनाना अपराध नहीं हो सकता। वह किसी अवैध मकसद से नहीं गई थी। कानून को जांच करनी चाहिए, लेकिन निर्दोषों को परेशान न करे।”
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







