Electricity Crisis :- सहरसा जिले में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था के विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। सुलिंदाबाद के समीप सहरसा-बख्तियारपुर मुख्य मार्ग पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। करीब चार घंटे तक चले जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
लगातार बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कई दिनों से नियमित बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं रहने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
Lakheempur kheeri :- फीस विवाद में बच्चों की पढ़ाई बाधित होने का आरोप, अभिभावक ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
पेयजल, पढ़ाई और कारोबार पर पड़ा असर
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली संकट के कारण पेयजल की समस्या गहरा गई है। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जबकि छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बिजली कटौती ने रोजमर्रा की जिंदगी को मुश्किल बना दिया है।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली वार्ता और समझाइश के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त किया, जिसके बाद करीब चार घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।
दोबारा आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि क्षेत्र में शीघ्र नियमित बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे फिर से सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
रिपोर्ट: अमन कुमार यादव
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







