Akshay Kumar daughter :- बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार ने हाल ही में एक चौंकाने वाली घटना का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी नितारा ऑनलाइन वीडियो गेम खेल रही थी, तभी उसके साथ एक अशोभनीय हरकत करने की कोशिश की गई। समय रहते नितारा ने स्थिति को संभाला और तुरंत अपनी मां को सारी बात बता दी।
साइबर क्राइम का शिकार होते-होते बची नितारा
अक्षय कुमार ने महाराष्ट्र पुलिस के ‘साइबर अवेयरनेस मंथ’ के शुभारंभ कार्यक्रम में यह घटना साझा की। उन्होंने बताया कि यह हादसा कुछ महीनों पहले हुआ था। नितारा एक ऑनलाइन गेम खेल रही थी, जिसमें अक्सर अजनबी खिलाड़ी भी जुड़े रहते हैं।
खेलते समय एक अनजान शख्स ने पहले उसकी पहचान पूछी—मेल या फीमेल? नितारा ने जवाब दिया कि वह फीमेल है। इसके तुरंत बाद सामने वाले ने गंदी मांग कर दी और लिखा—“क्या आप मुझे अपनी नग्न तस्वीरें भेज सकती हैं?”
समझदारी से उठाया कदम
अक्षय कुमार ने बताया कि उनकी बेटी ने तुरंत गेम बंद कर दिया और सीधे अपनी मां के पास जाकर पूरी घटना बता दी। उन्होंने कहा कि ऐसे ही मासूम बच्चों को निशाना बनाकर साइबर अपराधी जाल में फँसाते हैं।
अक्षय कुमार की अपील
इस घटना के बाद अक्षय कुमार ने महाराष्ट्र सरकार और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि सातवीं से दसवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए हफ्ते में एक “साइबर पीरियड” अनिवार्य किया जाए, ताकि बच्चों को इस तरह के खतरों से बचने की शिक्षा दी जा सके।
अक्षय का कहना है कि साइबर अपराध आज के समय में सड़कों पर होने वाले अपराधों से भी बड़ा खतरा बन गया है। इसे रोकना बेहद जरूरी है।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







