Varanasi News :- राजातालाब थाना क्षेत्र के जक्खिनी चौकी अंतर्गत मरुई गांव में बुधवार देर रात आयोजित एक विवाह समारोह अचानक तनाव और अफरा-तफरी में बदल गया। जयमाल कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया। इस बीच बीच-बचाव करने पहुंचे दूल्हे के पड़ोसी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए दूल्हा-दुल्हन को सुरक्षा के मद्देनजर अपने संरक्षण में ले लिया है।
वर पक्ष के घर पर हो रही थी शादी की रस्में
जानकारी के अनुसार, मरुई गांव निवासी हिमांशु राम का विवाह मिर्जापुर जिले के बगहा गांव निवासी रेखा देवी के साथ संपन्न कराया जा रहा था। वधू के पिता के निधन के कारण विवाह की रस्में वर पक्ष के घर पर ही आयोजित की गई थीं। समारोह सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन जयमाल के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद ने लिया हिंसक रूप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने हंगामा किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। शोर-शराबा सुनकर पड़ोस में रहने वाले 52 वर्षीय बहादुर राम मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया।
घायल अवस्था में मिले बहादुर राम, अस्पताल में हुई मौत
कुछ देर बाद बहादुर राम घर के पास घायल अवस्था में पड़े मिले। उनके सीने पर गंभीर चोट के निशान पाए गए।
Varanasi news :- सम्मानित पत्रकार अजय कुमार की बहन सरिता सिंह को वैवाहिक वर्षगांठ पर मिली शुभकामनाएं
सूचना मिलते ही जक्खिनी चौकी पुलिस और राजातालाब थाने की टीम मौके पर पहुंची। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए कबीरचौरा अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में छाती पर किसी नुकीली वस्तु से चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। कुछ लोगों द्वारा गोली लगने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मृत्यु के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
परिजनों में मचा कोहराम
मृतक बहादुर राम अपने पीछे पत्नी नौरंगी देवी, तीन पुत्रियां और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
थानाध्यक्ष दया राम ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक






