Bettiah News :- पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर थाना परिसर में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। थाना परिसर के सरिस्ता में मौजूद एक युवक ने अचानक अपनी गर्दन की नस काट ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रामनगर के गोला बाजार स्थित हरिजन बस्ती निवासी 20 वर्षीय युवक को घरेलू विवाद और नशे की हालत में पत्नी व परिजनों के साथ मारपीट करने की सूचना पर डायल-112 की टीम थाना लेकर आई थी। इसी दौरान थाना परिसर में युवक ने किसी नुकीली वस्तु से अपनी गर्दन की नस काट ली, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि युवक के गले की नस आंशिक रूप से कट गई थी। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जीएमसीएच बेतिया रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल युवक के पिता बलदेव राम ने बताया कि उनका बेटा नशे की हालत में घर पर पत्नी और अन्य परिजनों के साथ मारपीट कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस उसे थाना ले गई थी, जहां उसने खुद को घायल कर लिया।
फिलहाल रामनगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि युवक ने खुद को किस परिस्थिति में घायल किया और घटना में इस्तेमाल की गई वस्तु थाना परिसर तक कैसे पहुंची। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







