Sheohar news :- ऐतिहासिक एवं पौराणिक बाबा भुवनेश्वर नाथ देकुली धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राधाकांत गुप्ता उर्फ बच्चू जी ने जिला प्रशासन से प्रतिदिन स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने जिलाधिकारी प्रतिभा रानी एवं पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर मंदिर परिसर में नियमित पुलिस बल की तैनाती का अनुरोध किया।
राधाकांत गुप्ता ने कहा कि बाबा भुवनेश्वर नाथ देकुली धाम जिले की आस्था का प्रमुख केंद्र है जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। विशेष रूप से सावन माह में यहां लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है जिससे मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसी स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मंदिर परिसर में प्रतिदिन कम से कम पांच महिला पुलिसकर्मी और पांच पुरुष पुलिसकर्मियों सहित एक सेक्शन पुलिस बल की नियमित प्रतिनियुक्ति की जाए ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भीड़ का सुचारु संचालन किया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी से किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते रोका जा सकता है।
इसके साथ ही उन्होंने मंदिर प्रबंधन समिति से भी प्रतिदिन कम से कम दस प्रशिक्षित वालंटियर तैनात करने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि पुलिस और वालंटियर मिलकर श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने के साथ भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
बच्चू जी ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा। उन्होंने कहा कि सावन जैसे पवित्र महीने में लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा दोनों की जिम्मेदारी प्रशासन और समाज की साझा जिम्मेदारी है। यदि समय रहते पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है तो श्रद्धालु निर्भय होकर बाबा भुवनेश्वर नाथ के दर्शन और जलाभिषेक कर सकेंगे।
रिपोर्ट: त्रिपुरारी कुमार छोटू
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







