Varanasi News :- पारिवारिक विवाद के चलते वाराणसी की रहने वाली ममता मिश्रा ने अपनी छोटी बहन नम्रता मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ममता का कहना है कि नम्रता न केवल पिता को गुमराह कर रही हैं, बल्कि उन्हें और उनके पति को झूठे मामलों में फंसा कर प्रताड़ित भी कर रही हैं।
ममता मिश्रा, जो कि प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पद्मविभूषण पं. छन्नूलाल मिश्रा जी की तीसरी पुत्री हैं, ने प्रेस के माध्यम से बताया कि उनके पिता इस समय मिर्जापुर में छोटी बहन नम्रता के साथ रहते हैं। ममता का दावा है कि बीते ढाई वर्षों में नम्रता ने कई अवैधानिक कार्य किए, जिसके चलते न्यायालय ने उनके विरुद्ध धारा 420, 323 और 468 के तहत समन जारी किया है। मामले की सुनवाई वर्तमान में हाईकोर्ट में लंबित है।
ममता मिश्रा ने बताया कि 2 मार्च 2025 को हाईकोर्ट के आदेश पर उन्हें अपने पिता से मिलने का अवसर मिला। उन्होंने मिर्जापुर स्थित पिता के आवास पर उनसे मुलाकात की। ममता के अनुसार, उस मुलाकात में कोई विवाद नहीं हुआ था, परंतु एक महीने बाद नम्रता ने मिर्जापुर के सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में पिता के नाम से एक शिकायत दर्ज करवाई, जिसमें ममता पर अपने पिता को जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए।
ममता का कहना है कि उनके पिता सीधे-सादे व्यक्ति हैं और नम्रता के दबाव में आकर बयान दे रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नम्रता उनके पिता को अपने नियंत्रण में रखती हैं, और अन्य किसी भी परिजन को उनसे मिलने नहीं देतीं। उन्होंने कहा कि पिता जी से वही लोग मिल सकते हैं, जिन्हें नम्रता अनुमति देती हैं, जिससे पारिवारिक संवाद बाधित हो गया है।
ममता ने यह स्पष्ट किया कि उनके और उनके पति के खिलाफ दर्ज नम्रता का एक पूर्व मुकदमा जनवरी 2025 में झूठा पाए जाने पर खारिज हो चुका है। उनका दावा है कि नम्रता लगातार उनकी छवि को खराब करने और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास कर रही हैं।
ममता मिश्रा ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि उन्हें और उनके पति को नम्रता और उसके सहयोगियों से जान का खतरा है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि उन्हें अपने पिता से स्वतंत्र और सुरक्षित वातावरण में मिलने की अनुमति दी जाए ताकि वह उनके स्वास्थ्य और भावनात्मक स्थिति का हाल ले सकें।
Varanasi News :- काशी के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बढ़ाया उत्तर प्रदेश का गौरव
📍समाचार संक्षेप:
ममता मिश्रा ने छोटी बहन नम्रता पर अवैधानिक गतिविधियों और पिता को बहकाने का आरोप लगाया।
ममता के अनुसार, पिता पर दबाव डालकर झूठी शिकायत दर्ज करवाई गई।
उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और पिता से मिलने की स्वतंत्र व्यवस्था की मांग की।
ममता ने यह भी कहा कि अगर आरोप में सच्चाई है, तो नम्रता को सबूत पेश करने चाहिए।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







