Home » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » Varanasi News:- चौखंडी रेलवे फाटक बंद, 1 किमी का सफर हुआ 15 किमी, वैकल्पिक फाटक खोलने की उठी मांग

Varanasi News:- चौखंडी रेलवे फाटक बंद, 1 किमी का सफर हुआ 15 किमी, वैकल्पिक फाटक खोलने की उठी मांग

Varanasi News :- जंसा थाना क्षेत्र स्थित चौखंडी रेलवे फाटक को रेलवे विभाग द्वारा 1 जुलाई 2026 से तीन माह के लिए बंद किए जाने के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो गई है। फाटक बंद होने से किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई गुना अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है। इस समस्या को लेकर क्षेत्र में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप की मांग

चौखंडी निवासी एवं नेशनल मीडिया हेल्पलाइन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.के. श्रीवास्तव (विकास) ने सेवापुरी विधायक नील रतन पटेल और एमएलसी धर्मेंद्र सिंह को पत्र भेजकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया है कि रेलवे प्रशासन से बातचीत कर चौखंडी के पश्चिमी छोर स्थित वैकल्पिक रेलवे फाटक को आम लोगों के लिए खोला जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

1 किलोमीटर की दूरी के लिए 10 से 15 किलोमीटर का चक्कर

स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां पहले एक किलोमीटर की दूरी कुछ ही मिनटों में तय हो जाती थी, वहीं अब रेलवे फाटक बंद होने के कारण 10 से 15 किलोमीटर तक का लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। इससे समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त खपत हो रही है।

Varanasi News :- मृतक के नाम पर फर्जी हस्ताक्षर! मुकदमा वापसी के आदेश से न्यायिक प्रक्रिया पर सवाल

किसानों और विद्यार्थियों पर सबसे अधिक असर

ग्रामीण किसानों का कहना है कि लंबा रास्ता तय करने के कारण वे समय पर मंडी नहीं पहुंच पा रहे हैं। नतीजतन उनकी सब्जियां उचित कीमत पर नहीं बिक रही हैं और उन्हें मजबूरी में कम दाम पर बेचनी पड़ रही हैं।

वहीं, स्कूली बच्चों के अभिभावकों ने बताया कि पहले जो बच्चे समय पर घर लौट आते थे, अब उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे वे एक से दो घंटे की देरी से घर पहुंच रहे हैं। इससे परिवारों की चिंता भी बढ़ गई है।

वैकल्पिक मार्ग से आवागमन जारी

फाटक बंद होने के बाद लोग हाथी बाजार, बड़ौरा मार्ग, देहली विनायक, कपरफोरवा, खेवसीपुर रिंग रोड और भड़ाव-अकेलवा मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचने को मजबूर हैं। इससे यातायात का दबाव भी बढ़ गया है।

जनप्रतिनिधियों ने समाधान का दिया भरोसा

बताया जा रहा है कि पत्र मिलने के बाद दोनों जनप्रतिनिधियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए रेलवे अधिकारियों से वार्ता कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। अब क्षेत्रीय जनता को प्रशासनिक निर्णय का इंतजार है।

रिपोर्ट: अजय कुमार गुप्ता | वाराणसी

Suryodaya Samachar
Author: Suryodaya Samachar

खबर से पहले आप तक

Leave a Comment

Live Cricket

ट्रेंडिंग