Varanasi accident news today :- राजातालाब थाना क्षेत्र के मातलदेई चौराहे पर मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले बनारसी विश्वकर्मा के परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर धरना शुरू कर दिया। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम करीब छह बजे पयागपुर गांव के सामने पंचकोशी रोड पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित मैजिक वाहन ने टोडरपुर निवासी 45 वर्षीय बनारसी विश्वकर्मा की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही बनारसी विश्वकर्मा का शव उनके घर पहुंचा पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन शव लेकर मातलदेई चौराहे पर पहुंचे और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक आरोपी चालक की गिरफ्तारी नहीं होती और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता तथा न्याय का आश्वासन नहीं मिलता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही राजातालाब पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच वार्ता जारी थी।
घटना को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। पुलिस फरार मैजिक चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
रिपोर्ट: अजय कुमार गुप्ता
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







