Saharsa Protest :- बिहार विधानसभा में सहरसा के विधायक ई. आईपी. गुप्ता के साथ कथित दुर्व्यवहार और अभद्र टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को सहरसा में राजनीतिक माहौल गर्मा गया। इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (IIP) और सहयोगी वामदलों के कार्यकर्ताओं ने शहर के वीर कुंवर सिंह चौक पर विरोध प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार और संबंधित नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
आईआईपी के जिलाध्यक्ष विद्या शर्मा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मंत्री रामकृपाल यादव से सार्वजनिक माफी और उनके इस्तीफे की मांग की। इस दौरान “भाजपा शर्म करो”, “मंत्री माफी मांगो” और “लोकतंत्र का अपमान बंद करो” जैसे नारे लगाए गए।

लोकतंत्र और जनादेश का अपमान बताया
सभा को संबोधित करते हुए आईआईपी के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय सिंह, टुनटुन शर्मा, भाकपा नेता कुंदन यादव, सीपीआई नेता शंकर कुमार, सीपीएम नेता कुलानंद यादव और डॉ. धनोज शर्मा ने कहा कि विधानसभा जैसे सर्वोच्च लोकतांत्रिक सदन में किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ कथित गाली-गलौज और अमर्यादित भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।
नेताओं ने कहा कि यदि किसी मंत्री द्वारा विधायक के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, तो यह केवल एक जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि सहरसा की जनता के जनादेश का भी अपमान है।
मंत्री को बर्खास्त करने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, संबंधित मंत्री से सार्वजनिक माफी मंगवाई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो उन्हें मंत्रिमंडल से हटाया जाए। साथ ही कथित घटना में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
आईआईपी और वामदलों के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को जिला स्तर से आगे बढ़ाकर राज्यव्यापी अभियान का रूप दिया जाएगा।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में आईआईपी, भाकपा (माले), सीपीआई और सीपीएम के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने और जनप्रतिनिधियों के सम्मान की रक्षा की मांग दोहराई।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







