Home » उत्तर प्रदेश » मिर्जापुर » Mirzapur News :- लखनिया दरी में दर्दनाक हादसा: वाराणसी का 18 वर्षीय युवक तेज बहाव में डूबा, घंटों बाद पहुंची SDRF

Mirzapur News :- लखनिया दरी में दर्दनाक हादसा: वाराणसी का 18 वर्षीय युवक तेज बहाव में डूबा, घंटों बाद पहुंची SDRF

Mirzapur News :- अहरौरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लखनिया दरी में रविवार को पिकनिक मनाने आए वाराणसी के एक 18 वर्षीय युवक की नहाते समय डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कई घंटे बाद SDRF टीम ने खोजबीन अभियान शुरू किया।

मृतक की पहचान मोहम्मद नसीर अहमद (18) पुत्र मतीउर रहमान, निवासी अलईपुरा, थाना जैतपुरा, वाराणसी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने चार दोस्तों के साथ रविवार सुबह दो बाइक से लखनिया दरी घूमने आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी युवक झरने में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान मोहम्मद नसीर का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। साथियों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तेज पानी के बहाव के कारण वह लापता हो गया।

घटना की सूचना पुलिस को शाम करीब चार बजे मिली। पुलिस ने तत्काल SDRF को बुलाया, लेकिन टीम घटनास्थल पर लगभग तीन घंटे बाद पहुंच सकी। इसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

Mirzapur News :- मिर्जापुर में सड़क किनारे मिली सरकारी दवाइयों की खेप, स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

पुलिस के अनुसार हाल ही में किसानों की सिंचाई और धान की नर्सरी के लिए डोंगिया जलाशय से पानी छोड़ा गया था, जिससे लखनिया दरी में पानी का बहाव सामान्य दिनों की तुलना में काफी तेज हो गया था। हादसे को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल डोंगिया बांध से पानी छोड़े जाने की प्रक्रिया बंद करा दी, ताकि जलस्तर कम होने पर खोज अभियान में आसानी हो सके।

अहरौरा थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक की तलाश के लिए SDRF और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से अभियान चला रहे हैं। पूरे मामले की जांच भी की जा रही है।

इस घटना के बाद पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।

रिपोर्ट :- तारा त्रिपाठी

Suryodaya Samachar
Author: Suryodaya Samachar

खबर से पहले आप तक

Leave a Comment

Live Cricket

ट्रेंडिंग