Rishikesh Bus Accident: ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की यात्री बस गूलर के पास अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
Rishikesh Bus Accident: रेलिंग तोड़कर खाई में गिरी बस
जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह ऋषिकेश के गूलर इलाके के पास हुआ। बस हरिद्वार से जोशीमठ की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन हाईवे की रेलिंग तोड़कर नीचे खाई में गिर गया।
पुलिस के अनुसार, बस 32 सीटों की थी और उसमें करीब 30 यात्री सवार थे। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
Rishikesh Bus Accident: छह यात्रियों की मौत, 13 घायल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।
मुनिकीरेती के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान के मुताबिक, हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है, जबकि 13 घायलों की जानकारी सामने आई है।
Rishikesh Bus Accident: झारखंड, बिहार, उत्तराखंड समेत कई राज्यों के यात्री घायल
प्रारंभिक जानकारी में घायलों में झारखंड के दुमका, बिहार के पटना और जहानाबाद, उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर, रुद्रप्रयाग और चमोली तथा असम के गुवाहाटी के यात्री शामिल बताए गए हैं। घायलों में तीन साल की एक बच्ची भी शामिल है।
प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार और मृतकों की पहचान से जुड़ी प्रक्रिया की जा रही है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल बस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय बस की गति कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
बदरीनाथ हाईवे पर हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव से जुड़ी कार्रवाई की जा रही है।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक






