Mirzapur News :- अदलहाट थाना क्षेत्र के जमालपुर मार्ग स्थित रानीबाग इलाके में शुक्रवार रात करीब 11 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से किराना होलसेल और ज्वेलर्स की दुकान में भारी नुकसान हो गया। आग इतनी भीषण थी कि लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, डेहरी ग्राम निवासी अरविंद केशरी की किराना होलसेल की दुकान सिकिया ग्राम निवासी विनोद यादव के मकान में संचालित होती है। रोज की तरह शुक्रवार को भी दुकान बंद कर दी गई थी। देर रात दुकान में आग लगने की सूचना पर मकान मालिक मौके पर पहुंचे। उस समय दुकान मालिक अरविंद केशरी वाराणसी गए हुए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही निरीक्षक अपराध राम प्रीत यादव और पुलिस क्षेत्राधिकारी मंजरी राव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। आग के दौरान दुकान के अंदर से विस्फोट की आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास के लोग भयभीत हो गए और कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
आग की लपटों के बीच हुए विस्फोट से मकान की दीवार फट गई और शटर उखड़कर दूर जा गिरा। बताया जा रहा है कि दुकान के पांच कमरों में सामान भरा हुआ था। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, करीब 50 लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर नष्ट हो गया।
विस्फोट के कारण मकान के अगले हिस्से में स्थित भरूहिया ग्राम निवासी जुनैद अहमद की ज्वेलरी व बर्तन की दुकान भी आग की चपेट में आ गई, जिससे वहां भी लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







