Mirzapur News :- 17 जनवरी 2026। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल ने जनपद भ्रमण के दौरान छानबे विधानसभा क्षेत्र के गौरा परमानपुर गंगा घाट पर नवनिर्मित पीपा पुल का विधि-विधान से पूजन कर आवागमन के लिए उद्घाटन किया। यह पुल राज्य योजना सेतु के अंतर्गत लगभग 1 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को अब आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
उद्घाटन अवसर पर ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस पीपा पुल के चालू होने से सेमराधनाथ ब्लॉक डिघ, जंगीगंज, भदोही कालीन नगरी सहित मीरजापुर और आसपास के कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। पुल के माध्यम से छानबे विकासखंड के परमानपुर, कोठरा मिश्रान, डंगहर, गौरा, कोलेपुर, जिगना, हरगढ़, रसौली, बजटा, नरोइया, नएपुर, गैपुरा सहित भदोही की ओर विकासखंड डीह के कोइरौना, सेरामधनाथपुर, डेरवा पहाड़पुर के लोग सुगमता से आवागमन कर सकेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भविष्य में गौरा परमानपुर पुरवा से सेमराधनाथ के बीच गंगा नदी पर पीपा पुल के साथ दोनों ओर पहुंच मार्ग का भी निर्माण किया जाएगा। इसके बनने से 25 से 30 हजार आबादी को लाभ मिलेगा और यात्रा दूरी करीब 20 किलोमीटर तक कम हो जाएगी।
🌉 362 करोड़ के पक्के पुल की गुणवत्ता पर सख्त निर्देश
इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने जोपा-रामपुर घाट पर गंगा नदी पर निर्माणाधीन 1440 मीटर लंबे पक्के पुल का निरीक्षण किया, जिसकी लागत करीब 362 करोड़ रुपये है। उन्होंने सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा मई 2027 तक हर हाल में पूरा किया जाए।
श्रीमती अनुप्रिया पटेल ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण सामग्री की थर्ड पार्टी एजेंसी से नियमित जांच कराई जाएगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल पुल निर्माण की प्रगति 22 प्रतिशत है और आगे भी समय-समय पर निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की जाएगी।
👥 उद्घाटन व निरीक्षण के दौरान रहे उपस्थित
इस अवसर पर छानबे विधायक श्रीमती रिकी कोल, जिला अध्यक्ष इंजीनियर राम लवटन बिंद, किसान मंच के राष्ट्रीय सचिव रमाकांत पटेल, चिकित्सा मंच के राष्ट्रीय सचिव डॉ. एसपी पटेल, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं भाजपा, अपना दल, निषाद पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







