Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » Bettiah News :- बेतिया के निजी क्लीनिक में नर्स की संदिग्ध मौत, बेड के नीचे मिला शव मिलने से मची सनसनी

Bettiah News :- बेतिया के निजी क्लीनिक में नर्स की संदिग्ध मौत, बेड के नीचे मिला शव मिलने से मची सनसनी

छह वर्षों से क्लीनिक में कार्यरत थी ममता कुमारी, परिजनों ने गला दबाकर हत्या कर शव छिपाने का लगाया आरोप

Bettiah News :- बिहार के बेतिया शहर में एक निजी क्लीनिक से नर्स का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान सीखना मठ निवासी ममता कुमारी के रूप में हुई है, जो पिछले करीब छह वर्षों से डॉ. संतोष कुमार सिंह और डॉ. रूबी के क्लीनिक में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थी। घटना के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मोबाइल बंद मिलने पर क्लीनिक पहुंची बहन

परिजनों के अनुसार ममता का मोबाइल फोन पिछले दिन से बंद था। लगातार संपर्क नहीं होने पर उसकी बहन क्लीनिक पहुंची और डॉक्टरों तथा कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद जब परिजन क्लीनिक की तीसरी मंजिल पर पहुंचे तो एक कमरे में बेड के नीचे कोने में ममता का शव पड़ा मिला। आरोप है कि शव को कई गद्दों से ढंककर छिपाया गया था।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम, नगर थाना पुलिस और बाद में डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Kanishka Narayan :- ब्रिटेन को मिला पहला AI मंत्री, बिहार के लाल कनिष्क नारायण ने रचा इतिहास
परिजनों का आरोप—गला दबाकर की गई हत्या

मृतका के परिजनों का आरोप है कि ममता की गला दबाकर हत्या की गई और बाद में शव को छिपा दिया गया, ताकि रात के समय उसे कहीं और ले जाया जा सके। उनका कहना है कि शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका और मजबूत होती है।

डॉक्टर ने आरोपों से किया इनकार

क्लीनिक संचालक डॉ. संतोष कुमार सिंह ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ममता उनके परिवार की सदस्य जैसी थी। उन्होंने बताया कि जब वह क्लीनिक में नहीं दिखी तो उसकी तलाश की गई। बाद में परिजनों के साथ खोजबीन के दौरान तीसरी मंजिल पर उसका शव मिला। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

कई सवालों के घेरे में पूरी घटना

यह मामला कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। जिस क्लीनिक में डॉक्टर और अन्य कर्मचारी मौजूद थे, वहां एक स्टाफ की मौत हो जाती है और किसी को इसकी जानकारी नहीं होती, जबकि दूर से पहुंचे परिजन शव तक पहुंच जाते हैं। ऐसे में पूरे घटनाक्रम को लेकर संदेह गहरा गया है।

पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ममता कुमारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी की आपराधिक भूमिका थी या नहीं।

Meerut Murder Case :- पति की मौत के बाद बेटे के लिए तड़प रही आरोपी पत्नी, जेल में पूरी रात बेचैन
Suryodaya Samachar
Author: Suryodaya Samachar

खबर से पहले आप तक

Leave a Comment

Live Cricket

ट्रेंडिंग