Animal smuggling in mirzapur :- मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पशु तस्करों ने न सिर्फ एक बुजुर्ग पशुपालक पर जानलेवा हमला किया, बल्कि उसकी 80 से अधिक बकरियां भी उठा ले गए। हमले में घायल पशुपालक की इलाज के दौरान मौत हो गई है।
जंगल में चरा रहे थे बकरियां, पीछे से किया गया हमला
यह दर्दनाक घटना ग्राम सभा शिउर निवासी 60 वर्षीय लक्ष्मण पाल के साथ हुई, जो बीते शनिवार को रोज़ की तरह अपने मवेशियों को लेकर अहरौरा के कड़िया क्षेत्र स्थित सिपाही देई जंगल में चराने गए थे। दोपहर करीब 11 बजे, जब वे अकेले जंगल में बकरियां चरा रहे थे, तभी पीछे से दो अज्ञात पशु तस्करों ने उनके सिर पर भारी वार किया, जिससे वह वहीं अचेत होकर गिर पड़े।
तीन घंटे बाद होश आया, परिजनों को दी गई सूचना
लगभग तीन घंटे तक बेहोशी की हालत में पड़े रहने के बाद जब लक्ष्मण को होश आया, तो उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से मदद लेकर मोबाइल के माध्यम से अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें तत्काल एक स्थानीय प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराए।
17 बकरियों की हत्या, 80 को तस्कर ले उड़े
घटना स्थल पर पहुंची ग्रामीणों की टीम ने जंगल में 17 बकरियों की लाशें पड़ी देखीं। आशंका है कि इन बकरियों को काट दिया गया या तस्करी से पहले मार दिया गया। वहीं, 80 से अधिक बकरियों को तस्कर अपने साथ लेकर फरार हो गए।
इलाज के दौरान हुई मौत, परिजनों ने उठाई न्याय की मांग
रविवार को लक्ष्मण पाल की तबीयत और बिगड़ने पर उन्हें वाराणसी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। शव को लेकर परिजन अहरौरा थाने पहुंचे, जहाँ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस जांच में जुटी, लेकिन सवाल लाजमी हैं
पशु तस्करी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सुरक्षा के नाम पर जंगल क्षेत्रों में कोई सख्त व्यवस्था नहीं की गई है। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस सक्रिय होती, तो शायद लक्ष्मण पाल की जान बच सकती थी। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे तस्करों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
UP Crime News :- इंसानियत फिर शर्मशार, घायल को पानी तक नसीब नहीं हुआ, मौत ने ले लिया अपने आगोश में
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







