बड़ी खबर
शिक्षक दिवस पर विशेष: अमेरिका से भारतीय वैज्ञानिक की प्रेरणादायक उपलब्धि, विकसित नैनो-तकनीक को भारत में मिला पेटेंट  Mirzapur news :- मीरजापुर में क्रेशर प्लांट का डग धंसा, चार मजदूरों की मौत; हादसे के बाद मचा हड़कंप Student Tilak Controversy :- छात्र का तिलक मिटाने पर शिक्षिका सस्पेंड, FIR दर्ज; जानें कोलकाता स्कूल का पूरा मामला Judicial Officers Retirement Age :- निचली अदालतों के जज अब 62 साल में होंगे रिटायर, 7 राज्यों को सुप्रीम कोर्ट का निर्देश Flood Alert: बाढ़ के पानी से मिली अज्ञात मछली न खाएं, अररिया जिला प्रशासन ने जारी की चेतावनी Guru purnima vs Teacher’s day :- गुरु पूर्णिमा और शिक्षक दिवस में क्या अंतर है? जानिए दोनों पर्वों का महत्व और उद्देश्य

Home » विदेश » शिक्षक दिवस पर विशेष: अमेरिका से भारतीय वैज्ञानिक की प्रेरणादायक उपलब्धि, विकसित नैनो-तकनीक को भारत में मिला पेटेंट

शिक्षक दिवस पर विशेष: अमेरिका से भारतीय वैज्ञानिक की प्रेरणादायक उपलब्धि, विकसित नैनो-तकनीक को भारत में मिला पेटेंट 

उत्तर प्रदेश के डॉ. मयंक सिंह ने तीन अमेरिकी वैज्ञानिकों के साथ मिलकर हासिल की महत्वपूर्ण वैज्ञानिक उपलब्धि

कई वर्षों की जांच के बाद 24 में से 18 तकनीकी दावों को भारत में मिली स्वीकृति 

भारतीय मूल के वैज्ञानिक डॉ. मयंक सिंह और डेंड्रिमर प्रौद्योगिकी के जनक डॉ. डोनाल्ड टोमालिया की वैज्ञानिक टीम द्वारा अमेरिका में विकसित डेंड्रिटिक नैनो-तकनीक को भारत में पेटेंट संरक्षण प्राप्त हुआ है। डॉ. मयंक सिंह वर्तमान में मिशिगन, अमेरिका स्थित ‘नेशनल डेंड्रिमर एंड नैनोटेक्नोलॉजी सेंटर’ में प्रधान वैज्ञानिक एवं निदेशक हैं, जबकि डॉ. डोनाल्ड टोमालिया संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। कई वर्षों की विस्तृत जांच एवं समीक्षा प्रक्रिया के बाद इस अभिनव नैनो-तकनीक को भारत में पेटेंट संरक्षण प्रदान किया गया है।

अमेरिका से भारत तक का सफल सफर

इस आविष्कार की पेटेंट यात्रा जून 2021 में अमेरिका से शुरू हुई। भारतीय मूल के वैज्ञानिक डॉ. मयंक सिंह ने इसकी क्षमता को भारत की विशाल और कम लागत वाली औषधि-निर्माण व्यवस्था से जोड़कर देखा और अपनी वैज्ञानिक टीम को भारत में भी इसके पेटेंट संरक्षण के लिए सहमत किया। इसके बाद दिसंबर 2022 में भारत में आवेदन दाखिल किया गया। कई वर्षों की जांच के बाद प्रस्तुत 24 तकनीकी दावों में से 18 को पेटेंट संरक्षण मिला। आवेदन चेन्नई से दाखिल किया गया और मुंबई स्थित पेटेंट नियंत्रक द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। अंततः 28 अगस्त 2026 को इस पेटेंट की स्वीकृति भारत सरकार के आधिकारिक पेटेंट जर्नल में प्रकाशित की गई।

क्या है नैनो-तकनीक और क्यों है महत्वपूर्ण

चित्र: सोशल मीडिया
मिशिगन, संयुक्त राज्य अमेरिका स्थित ‘नेशनल डेंड्रिमर एंड नैनोटेक्नोलॉजी सेंटर’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. डोनाल्ड टोमालिया एवं निदेशक डॉ. मयंक सिंह, डेंड्रिटिक नैनो-तकनीक एवं इसकी प्रमुख विशेषताओं को दर्शाते हुए।

डॉ. मयंक और उनकी वैज्ञानिक टीम ने डेंड्रिटिक (अतिशाखित) संरचना पर आधारित इस नई बहुआयामी नैनो- तकनीक को “सुप्राप्लेक्स-एक्सिपिएंट” नाम दिया है। इस तकनीक में प्रयुक्त डेंड्रिटिक नैनो-संरचनाओं का आकार लगभग 10 नैनोमीटर से कम है। कई दवाएं और प्राकृतिक औषधीय पदार्थ पानी में आसानी से नहीं घुलते और शरीर में पूरी तरह उपलब्ध नहीं हो पाते, जिसके कारण अपेक्षित प्रभाव के लिए अधिक मात्रा की आवश्यकता पड़ती है।
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह तकनीक विकसित की गई है, जिसका उद्देश्य सक्रिय पदार्थ की घुलनशीलता और शरीर में उपलब्धता बढ़ाकर कम मात्रा में उसके अधिक प्रभावी उपयोग की संभावना बढ़ाना है।
भारतीय पेटेंट में चयनित सक्रिय पदार्थों की पानी में घुलने की क्षमता 10 गुना से 10 लाख गुना तक बढ़ाने से संबंधित तकनीकी दावे को भी संरक्षण मिला है। यह तकनीक आधुनिक दवाएं, प्राकृतिक औषधि, पौष्टिक उत्पाद, खाद्य एवं पेय पदार्थ, पशु चिकित्सा तथा कृषि जैसे कई क्षेत्रों में उपयोगी साबित हो रही है और अमेरिका के कई उद्योगों को इसका विशिष्ट प्रौद्योगिकी हस्तांतरण भी किया जा चुका है।

प्रयोगशाला से मानव अध्ययन तक पहुँची तकनीक

डॉ. मयंक और उनकी टीम द्वारा विकसित यह तकनीक केवल प्रयोगशाला तक सीमित नहीं रही है। इससे संबंधित मानव परीक्षण का विवरण अमेरिकी पेटेंट में भी प्रस्तुत किया जा चुका है। पूर्व प्रकाशित रिपोर्ट में इसे मनुष्यों में सेवन के लिए सुरक्षित पाया गया और लंबे समय तक इसकी स्थिरता का भी उल्लेख किया गया था।

दवा से लेकर खाद्य एवं पौष्टिक पूरकों तक महत्वपूर्ण उपयोग

वैज्ञानिक टीम से हुई बातचीत में डॉ. मयंक ने उदाहरण देते हुए बताया कि क्रिएटिन जैसे खाद्य एवं पौष्टिक पूरकों में भी इस तकनीक की महत्वपूर्ण उपयोगिता है। क्रिएटिन शरीर में ऊर्जा और मांसपेशियों की कार्यक्षमता के लिए महत्वपूर्ण है तथा बढ़ती उम्र में मांसपेशियों के स्वास्थ्य के लिए भी इसका अध्ययन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्रिएटिन का सेवन सामान्यतः कई ग्राम में किया जाता है। ऐसे में इस तकनीक का उद्देश्य सक्रिय पदार्थ को शरीर में बेहतर तरीके से उपलब्ध कराकर कम मात्रा में अधिक प्रभावी बनाना है।

• पेटेंट केवल अधिकार नहीं, समाज तक तकनीक पहुँचाने का माध्यम:

डॉ. मयंक का मानना है कि पेटेंट का उद्देश्य केवल आविष्कार के बौद्धिक अधिकारों की रक्षा करना नहीं, बल्कि वैज्ञानिक खोज को प्रयोगशाला से उद्योग और अंततः समाज तक पहुँचाना भी होना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस तकनीक का पेटेंट दाखिल करने से पहले उनकी टीम ने इसकी वास्तविक उपयोगिता और व्यावसायिक क्षमता का भी मूल्यांकन किया और इसकी व्यापक संभावनाओं को देखते हुए ही इसे पेटेंट संरक्षण के लिए आगे बढ़ाया गया।

डॉ. मयंक ने कहा, “केवल पेटेंट की संख्या बढ़ाना हमारी उपलब्धि नहीं है। पेटेंट की वास्तविक सफलता तब है जब तकनीक उद्योग तक पहुँचे, नए उत्पादों और रोजगार के अवसर पैदा करने में सहायक बने और अंततः समाज के काम आए। इसी सोच के साथ हमने इस तकनीक की उपयोगिता का मूल्यांकन किया और इसे न्यूनतम संभव लागत पर मानव कल्याण तक पहुँचाने की दिशा में आगे बढ़ाया।

• भारत में शिक्षा, अमेरिका में वैज्ञानिक नेतृत्व:

डॉ. मयंक मूल रूप से मिर्जापुर जिले के चुनार तहसील के बगहीं गांव के निवासी हैं। उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी से फार्मेसी की शिक्षा तथा सीएसआईआर-भारतीय रासायनिक प्रौद्योगिकी संस्थान, हैदराबाद से फार्मास्युटिकल साइंस एवं प्रौद्योगिकी में पीएचडी की। उन्होंने नलसर विश्वविद्यालय, हैदराबाद से पेटेंट कानून में स्नातकोत्तर डिप्लोमा भी प्राप्त किया है।
वर्तमान में डॉ. मयंक अमेरिका स्थित नेशनल डेंड्रिमर एंड नैनोटेक्नोलॉजी सेंटर में प्रधान वैज्ञानिक एवं निदेशक के रूप में कार्यरत हैं तथा सेंट्रल मिशिगन यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिसिन में ग्रेजुएट फैकल्टी एवं एडजंक्ट प्रोफेसर हैं। इसके साथ ही वे विश्व स्वास्थ्य संगठन, जिनेवा से सलाहकार के रूप में भी जुड़े हैं। उनके वैज्ञानिक योगदान को अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न वैज्ञानिक संस्थाओं द्वारा मान्यता मिली है तथा वे कई पेटेंट, शोध पत्र और पुस्तक अध्यायों के लेखक भी हैं।

• भारत के प्रति आभार, तकनीक की यात्रा में जुड़ा नया अध्याय:

इस उपलब्धि पर डॉ. मयंक सिंह और डॉ. डोनाल्ड टोमालिया ने भारत का आभार व्यक्त किया। डॉ. मयंक ने कहा कि भारतीय पेटेंट मिलना इस तकनीक के लिए एक नई शुरुआत है। अब उनका प्रयास इसे भारतीय उद्योगों और वैज्ञानिक संस्थानों से जोड़कर आगे बढ़ाना है, ताकि इसका लाभ रोजगार, उद्योग और समाज तक पहुँच सके।

• शिक्षा के हर चरण पर मिले मार्गदर्शन के लिए आभार:

अंत में डॉ. मयंक ने कहा, मैं अपने सभी गुरुओं का हृदय से आभार प्रकट करता हूँ, जिनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद ने मेरी यात्रा को दिशा दी। साथ ही, अपने जन्मदाता (माता-पिता) को धन्यवाद देता हूँ, जिन्होंने मुझे अपनी योग्यताओं को निखारने की पूर्ण स्वतंत्रता दी और मेरा समर्थन किया।

Suryodaya Samachar
Author: Suryodaya Samachar

खबर से पहले आप तक

Leave a Comment

Live Cricket

ट्रेंडिंग