Home » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » Varanasi news :- “सभी पंथ और मजहब से बड़ा है राष्ट्र” — मोहम्मद फैज़ खान

Varanasi news :- “सभी पंथ और मजहब से बड़ा है राष्ट्र” — मोहम्मद फैज़ खान

Varanasi news :- मुस्तफाबाद के चिरई गांव में आयोजित भव्य गौ कथा के द्वितीय दिवस का कार्यक्रम श्रद्धा, राष्ट्रभावना और सांस्कृतिक चेतना के अद्भुत संगम के रूप में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रख्यात वक्ता मोहम्मद फैज़ खान ने अपने ओजस्वी विचारों से उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

अपने उद्बोधन में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “सभी पंथ और मजहब से बड़ा राष्ट्र होता है,” और राष्ट्र सर्वोपरि की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने वैदिक वाक्य “गावो विश्वस्य मातरः” का उल्लेख करते हुए गौ माता के महत्व को धार्मिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी विस्तारपूर्वक समझाया।

मोहम्मद फैज़ खान ने बताया कि गौ माता केवल आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन और पर्यावरण के लिए अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि गाय का गोबर जैविक खाद के रूप में भूमि की उर्वरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, वहीं बायोगैस के माध्यम से यह स्वच्छ ऊर्जा का सशक्त स्रोत बनता है। इसके साथ ही गाय का दूध मानव स्वास्थ्य के लिए पोषण का प्रमुख आधार है।

उन्होंने भारतीय संस्कृति की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह करुणा, सहअस्तित्व और जीवन संरक्षण की संस्कृति है। उनके शब्दों में, “हमारी संस्कृति गौमूत्र पीने की है, खून पीने की नहीं,” जो अहिंसा और जीवन के प्रति सम्मान का संदेश देती है। उन्होंने यह भी बताया कि मानव शरीर पंचतत्व—भूमि, अग्नि, वायु, जल और आकाश—से मिलकर बना है, और इन तत्वों के संतुलन के लिए पंचगव्य का विशेष महत्व माना गया है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वर्गीय रूपेश पांडे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें एक सच्चा राष्ट्रभक्त बताया और उपस्थित लोगों से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

गौ कथा के द्वितीय दिवस में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर भक्ति, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक जागरूकता का वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से सुधीर सिंह पप्पू, अभिषेक सिंह, शशि भूषण सिंह, विश्वजीत सिंह, लोकपति सिंह, उदय प्रताप सिंह पिंटू, वरुण सिंह, कृष्णकांत पाठक, डॉ. कुंदन सिंह, रितेश श्रीवास्तव, नागेश उपाध्याय, विनय कुमार सिंह आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय सिंह गौतम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जितेंद्र सिंह जित्तू द्वारा किया गया।

Reporter :- Sujeet singh 

Suryodaya Samachar
Author: Suryodaya Samachar

खबर से पहले आप तक

Leave a Comment

Live Cricket

ट्रेंडिंग