Varanasi News :- सावन माह में श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर पूरी तरह से शिवमय नजर आएगा। इस माह में भक्तों और पर्यटकों को आध्यात्मिक अनुभव देने के लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने खास तैयारी शुरू कर दी है।
प्राधिकरण द्वारा कॉरिडोर के आसपास की 18 प्रमुख गलियों में साउंड सिस्टम लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से सुबह-सुबह सुप्रभात मंत्र और शिव धुन गूंजेगी। इसके अतिरिक्त, प्रमुख घाटों पर भी साउंड सिस्टम स्थापित किए जाएंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में एक दिव्य और भक्ति से भरा वातावरण बनेगा।
🔊 ओम ध्वनि फिर से होगी शुरू
काशी के कई प्रमुख चौराहों पर पहले से लगे साउंड सिस्टम पर कभी ‘ओम’ की ध्वनि बजती थी, लेकिन यह व्यवस्था कुछ समय से बंद हो चुकी है। अब सावन से पहले इसे दोबारा शुरू करने की कवायद तेज हो गई है।
वीडीए द्वारा उन 18 गलियों का चयन किया गया है जहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की आवाजाही सबसे ज्यादा होती है। इन सभी गलियों में नियमित रूप से भक्ति संगीत, मंत्रोच्चारण और शिव आराधना से जुड़ी ध्वनियां प्रसारित की जाएंगी। वीडीए द्वारा सर्वे पूरा कर लिया गया है।
🌉 घाट और मंदिर होंगे रोशन
प्रमुख घाटों को भी चिह्नित किया गया है, जहां साउंड सिस्टम के साथ-साथ प्रकाश व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अलावा, ऐसे प्रमुख मंदिर जहां रात में रोशनी कम रहती है, वहां फसाड लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए मंदिरों की सूची तैयार की जा रही है।
📸 पर्यटन विकास भी प्राथमिकता में
चूंकि सावन में काशी में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं, इसलिए पर्यटन विभाग के साथ समन्वय कर पर्यटन विकास से जुड़े कार्य भी कराए जा रहे हैं। इस योजना का उद्देश्य यह है कि श्रद्धालु केवल दर्शन ही नहीं करें, बल्कि एक दिव्य अनुभव भी लेकर लौटें।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







