UP News :- दीपोत्सव 2025 के अवसर पर अयोध्या धाम एक बार फिर राम भक्ति में डूबी नजर आई। इसी बीच रामनगरी से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा राजनीतिक बयान चर्चा में बना हुआ है। विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए योगी ने कहा कि “जो लोग बाबर की कब्र पर सजदा करने जाते हैं, वही लोग भव्य राम मंदिर के निमंत्रण को ठुकरा देते हैं।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “एक समय था जब अदालत में भगवान राम को मिथक कहा गया और अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गईं। लेकिन आज सत्य की जीत हुई है और रामलला अपने दिव्य मंदिर में विराजमान हैं।”
योगी ने कहा कि दीपोत्सव सिर्फ एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं बल्कि भारत की सनातन आस्था का वैभव और 500 वर्षों के संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि “इन लोगों ने सदैव भारत की परंपरा और सांस्कृतिक विरासत पर प्रहार किया है। लेकिन देश की जनता अब जाग चुकी है और आस्था का सम्मान करने वालों के साथ खड़ी है।”
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी जड़ों और विरासत से जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या आज वैश्विक आध्यात्मिक धाम के रूप में स्थापित हो चुकी है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
योगी आदित्यनाथ ने संदेश दिया कि अयोध्या हर उस व्यक्ति को जोड़ने का केंद्र बने जो भारत की संस्कृति, आस्था और मर्यादा का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि “राम सबके हैं, राम राष्ट्र की आत्मा हैं और राम बिना भारत की कल्पना संभव नहीं।”
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







