Unnao News :- जिले के थाना बारासगवर क्षेत्र के ग्राम किशुनी खेड़ा निवासी गरीब किसान दिनेश कुमार समेत कई ग्रामीण इन दिनों दबंगई का शिकार होकर भय और आतंक का जीवन जीने को मजबूर हैं। गांव का कुख्यात दबंग संजू और उसके साथी लगातार ग्रामीणों को अपना शिकार बना रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि दबंग संजू न सिर्फ आम लोगों के साथ मारपीट करता है, बल्कि महिलाओं को भी निशाना बनाकर उनकी इज्जत से खिलवाड़ करता है। पीड़ितों द्वारा कई बार थाना बारासगवर में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की गई, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित किसान दिनेश कुमार ने बताया कि वह और गांव के अन्य लोग बार-बार दबंगई का शिकार बनते हैं। जब उन्होंने शिकायत दर्ज कराई, तो दबंग पक्ष ने न सिर्फ उन्हें धमकाया बल्कि प्रार्थना पत्र वापस लेने और जबरन समझौता करने का दबाव भी बनाया। इतना ही नहीं, शिकायत पर कार्रवाई न होने से संजू और उसके साथियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि संजू के आतंक से पूरा गांव दहशत में है। लोग शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं। कई लोग खेतों में भी अकेले काम करने से डरते हैं। महिलाओं की सुरक्षा पर भी लगातार खतरा बना हुआ है।
न्याय की गुहार
पीड़ित दिनेश कुमार और अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि दबंग संजू और उसके साथियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में शांति और सुरक्षा का माहौल बन सके। उन्होंने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
उन्नाव गंगाघाट में चली गोली :- गगनी खेड़ा में चली गोली, मासूम की मौत से गांव में दहशत
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







