T20 World Cup 2026 :- आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। बांग्लादेश क्रिकेट टीम अब भारत और श्रीलंका में अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप से बाहर हो चुकी है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने साफ कर दिया है कि वह अपनी टीम भारत नहीं भेजेगा, जिसके बाद टूर्नामेंट में उनकी भागीदारी खत्म मानी जा रही है। बांग्लादेश के इस फैसले के बाद अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अब तक टीम का ऐलान नहीं किया ।
टी20 विश्व कप को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक अपनी टीम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, जबकि आईसीसी के नियमों के मुताबिक टूर्नामेंट शुरू होने से एक महीने पहले स्क्वाड का ऐलान जरूरी होता है। टी20 विश्व कप का पहला मुकाबला 7 फरवरी को खेला जाना है, ऐसे में 7 जनवरी तक टीम घोषित हो जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पाकिस्तान का बांग्लादेश को मिला था परोक्ष समर्थन
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से खुलकर नहीं लेकिन अंदरखाने बांग्लादेश को समर्थन दिया जा रहा था। चर्चा थी कि अगर बांग्लादेश टी20 विश्व कप से बाहर होता है तो पाकिस्तान भी टूर्नामेंट का बहिष्कार कर सकता है। अब जब बांग्लादेश के बाहर होने की पुष्टि हो चुकी है, तो सबकी नजरें पीसीबी के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
एक-दो दिन में साफ होगा पीसीबी का फैसला
फिलहाल पाकिस्तान टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज की तैयारी कर रही है, लेकिन इसके लिए भी टीम का ऐलान नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि जब ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए स्क्वाड घोषित किया जाएगा, उसी वक्त यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि पाकिस्तान टी20 विश्व कप खेलेगा या नहीं। अगर केवल ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए टीम घोषित होती है, तो यह संकेत होगा कि पाकिस्तान विश्व कप से दूरी बना सकता है।
शेड्यूल में बदलाव नहीं, स्कॉटलैंड को मिलेगा मौका
बांग्लादेश के बाहर होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या टी20 विश्व कप 2026 के शेड्यूल में बदलाव होगा। फिलहाल इसकी संभावना बेहद कम है। टूर्नामेंट शुरू होने में सिर्फ 15 दिन बचे हैं, ऐसे में आईसीसी शेड्यूल बदलने का जोखिम नहीं लेगा। जानकारी के मुताबिक, बांग्लादेश की जगह अब स्कॉटलैंड की टीम विश्व कप में हिस्सा ले सकती है। हालांकि, इस पर आईसीसी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







