Home » बिहार » शिवहर » Sheohar news:- राजद नेता नवनीत कुमार झा की लालू यादव से मुलाकात, बिहार की राजनीति में बढ़ी हलचल

Sheohar news:- राजद नेता नवनीत कुमार झा की लालू यादव से मुलाकात, बिहार की राजनीति में बढ़ी हलचल

Sheohar news :- बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता नवनीत कुमार झा ने हाल ही में राजद सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से खास मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

यह मुलाकात पटना में हुई, जहां नवनीत कुमार झा ने लालू यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही, झा ने शिवहर सहित बिहार के कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और स्थानीय समस्याओं से लालू यादव को अवगत कराया।

गौरतलब है कि लालू यादव हाल ही में दिल्ली एम्स में 36 दिनों तक इलाज के बाद पटना लौटे हैं। इस बीच नवनीत झा से मुलाकात के दौरान लालू यादव ने भावुक होकर कहा, “आपके बाबा रघुनाथ झा मेरे प्रिय मित्र थे। उन्हीं की बदौलत हम मुख्यमंत्री बन पाए और राजद को मजबूती मिली। आपके पिता अजीत कुमार झा से भी हमारे पारिवारिक संबंध रहे हैं। आप शिवहर में जाकर लोगों के बीच काम करें, समय आने पर इसका फल अवश्य मिलेगा।”

इस मुलाकात के बाद नवनीत कुमार झा ने तेजस्वी यादव से भी भेंट की और हालिया राजनीतिक घटनाक्रम पर विचार-विमर्श किया। तेजस्वी यादव ने उन्हें क्षेत्र में पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनाव की तैयारी शुरू करने को कहा।

नवनीत कुमार झा ने कहा, “2025 के विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव की सरकार बननी तय है। बिहार की जनता बदलाव चाहती है और अब राजद ही उन्हें एक मजबूत विकल्प नजर आ रहा है।” उन्होंने तेजस्वी यादव की ‘माई-बहन योजना’ की भी प्रशंसा की और कहा कि वह खुद गांव-गांव जाकर इस योजना को जनता तक पहुंचा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने केवल 17 महीनों में राज्य में युवाओं को नौकरी, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और विकास की रफ्तार देने का काम किया। लेकिन भाजपा और जदयू को यह रास नहीं आया और उन्होंने राजद से गठबंधन तोड़कर सत्ता हथिया ली। आज बिहार में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अपराध चरम पर है।

नवनीत झा ने स्पष्ट कहा कि जनता अब जदयू-भाजपा की सरकार से पूरी तरह थक चुकी है। अब राज्य को एक नई दिशा की जरूरत है, जो केवल तेजस्वी यादव के नेतृत्व में संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि स्व. रघुनाथ झा जी के समर्थक आज भी पूरी मजबूती से राजद के साथ हैं और सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

बिहार में राजनीतिक बदलाव की बयार साफ नजर आने लगी है। लालू यादव और तेजस्वी यादव से नवनीत कुमार झा की मुलाकात ने साफ कर दिया है कि राजद आने वाले चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और जनता के बीच एक नई उम्मीद के रूप में उभर रही है।

Suryodaya Samachar
Author: Suryodaya Samachar

खबर से पहले आप तक

Leave a Comment

Live Cricket

ट्रेंडिंग