Saharsa News :- सहरसा जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। जारी स्थानांतरण आदेश के तहत जिले के विभिन्न थानों, शाखाओं और पुलिस केंद्रों में कार्यरत 107 पुलिस पदाधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। इस व्यापक फेरबदल का उद्देश्य लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपकर पुलिस व्यवस्था को अधिक गतिशील बनाना बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार दो वर्षों से अधिक समय से एक ही थाना अथवा शाखा में पदस्थापित अधिकारियों का कार्यक्षेत्र बदला गया है। इस क्रम में पुलिस केंद्र सहरसा में तैनात इंस्पेक्टर कृष्ण प्रसाद सिंह को साइबर थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं सदर थाना के अपर थानाध्यक्ष मो. शोएब अख्तर को सिमरी बख्तियारपुर थाना का नया अपर थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा सदर थाना में पदस्थापित प्रोबेशनरी सब-इंस्पेक्टर सन्नी कुमार का तबादला सौरबाजार थाना, दिव्या कुमारी का बसनही थाना तथा मुकेश यादव का बिहरा थाना किया गया है। वहीं बनगांव थाना से टिंकल शर्मा को सौरबाजार, चिरंजीवी प्रसाद तिवारी को सलखुआ और कृष्ण मोहन झा को बसनही थाना भेजा गया है।
Saharsa Ganja Smuggling :- सहरसा जंक्शन पर नशा तस्करी पर बड़ा प्रहार, 15 किलो गांजा के साथ हरियाणा का युवक गिरफ्तार
स्थानांतरण सूची में सहायक अवर निरीक्षकों, नवप्रोन्नत पुलिस पदाधिकारियों तथा ईआरवी वाहनों पर तैनात कई कर्मियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। अलग आदेश के तहत सात अन्य अधिकारियों के दायित्वों में भी परिवर्तन किया गया है। सुदामा कुमार सिंह को प्रभारी विधि शाखा, चंदन कुमार को परिचारी प्रवर, जबकि अंजना प्रकाश को आरएमएस शाखा के साथ रक्षित अवर निरीक्षक (द्वितीय) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे लंबित मामलों, अभिलेखों और सरकारी दायित्वों का विधिवत प्रभार संबंधित अधिकारियों को सौंपकर शीघ्र नए पदस्थापन स्थल पर योगदान दें तथा इसकी सूचना पुलिस कार्यालय को उपलब्ध कराएं। पुलिस विभाग का मानना है कि इस व्यापक फेरबदल से जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







