Saharsa Accident :- शहर के कचहरी ढाला के समीप मंगलवार सुबह बिजली लाइन के मेंटेनेंस कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। लगभग 40 फीट ऊंचे बिजली के खंभे पर कार्य कर रहे संविदा बिजली कर्मी संतोष यादव करंट लगने के बाद नीचे गिर पड़े। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
मेंटेनेंस के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर निगम क्षेत्र के सरस्वती नगर वार्ड संख्या-2 निवासी संतोष यादव (40) पिछले तीन वर्षों से बिजली विभाग में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत हैं। हाल ही में जुलाई माह के लिए उनकी संविदा का नवीनीकरण किया गया था। मंगलवार सुबह वह कलेक्ट्रेट फीडर क्षेत्र में बिजली लाइन के रखरखाव कार्य के लिए खंभे पर चढ़े थे। इसी दौरान करंट लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े।
दोनों हाथ झुलसे, हाथ-पैर में आई गंभीर चोटें
हादसे में संतोष यादव के दोनों हाथ झुलस गए, जबकि गिरने से उनके हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
India Indonesia relationship :- हिंद महासागर में भारत की बड़ी रणनीतिक चाल: इंडोनेशिया संग समुद्री साझेदारी होगी मजबूत, बढ़ेगी क्षेत्रीय सुरक्षा
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
घायल कर्मी के परिजनों का आरोप है कि मेंटेनेंस कार्य के लिए पहले से शटडाउन लिया गया था, लेकिन कार्य के दौरान अचानक बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई। इसी वजह से संतोष यादव करंट की चपेट में आ गए। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विभाग ने दिए जांच के आदेश
विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि घटना की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







