Roshan Prajapati :- दिवंगत रोशन प्रजापति को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को सुपौल में बिहार प्रजापति समन्वय समिति के नेतृत्व में प्रेस कॉन्फ्रेंस और आक्रोश मार्च का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने समाहरणालय तक पैदल मार्च निकालकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रेस कॉन्फ्रेंस से हुई, जिसमें समिति के पदाधिकारियों ने रोशन प्रजापति प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद विभिन्न जिलों से पहुंचे समाज के लोगों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शांतिपूर्ण पदयात्रा करते हुए समाहरणालय की ओर मार्च किया। प्रदर्शन के दौरान न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी भी की गई।
मार्च में शामिल प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि समाहरणालय की ओर बढ़ रहे शांतिपूर्ण जुलूस को पुलिस ने रोकते हुए लाठीचार्ज किया, जिससे कई लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रोशन प्रजापति मामले में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाने की मांग की।
आंदोलन में बिहार प्रजापति समन्वय समिति के प्रदेश अध्यक्ष रूपेश प्रजापति, संयोजक डॉ. शैलेन्द्र कुमार, प्रदेश महामंत्री मिंटू प्रजापति (गुरु जी), विश्वकर्मा महासभा के सचिव डॉ. संजीव पासवान सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मामले में ठोस और सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







