Home » उत्तर प्रदेश » मिर्जापुर » Mirzapur news :- मुख्यमंत्री योगी ने मां विंध्यवासिनी का किया दर्शन-पूजन, विंध्य कॉरिडोर का लिया जायजा, 15 जुलाई तक नई परियोजनाओं को मंजूरी देने के निर्देश

Mirzapur news :- मुख्यमंत्री योगी ने मां विंध्यवासिनी का किया दर्शन-पूजन, विंध्य कॉरिडोर का लिया जायजा, 15 जुलाई तक नई परियोजनाओं को मंजूरी देने के निर्देश

Mirzapur news :-  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मीरजापुर दौरे के दौरान मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने विंध्य कॉरिडोर का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं से संवाद किया, बच्चों को चॉकलेट वितरित की तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से मोतिया झील स्थित हेलीपैड पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजन किया।

विंध्य कॉरिडोर का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने विंध्य कॉरिडोर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ‘विंध्य पौध प्रसादम्’ स्टॉल पर श्रद्धालुओं को पौधों का वितरण किया तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की महिलाओं द्वारा तैयार ‘विंध्य ब्रांड’ के उत्पादों का अवलोकन कर उनकी सराहना की। कॉरिडोर में मौजूद बच्चों से बातचीत करते हुए उन्हें चॉकलेट भी वितरित की।

15 जुलाई तक स्वीकृति, 15 अगस्त तक धनराशि जारी होगी

अष्टभुजा निरीक्षण गृह में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित नई सड़कों एवं पुलों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी नए प्रस्ताव 15 जुलाई 2026 तक शासन को भेजे जाएं, ताकि उनकी स्वीकृति देकर 15 अगस्त 2026 तक निर्माण कार्यों के लिए धनराशि जारी की जा सके।

Bride death case :- प्रेम विवाह के दो महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, जलती चिता से पुलिस ने बरामद किया शव

सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मीरजापुर नगर और विंध्य नगरी की सभी प्रमुख सड़कें स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक स्वरूप में विकसित की जाएं। उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने, बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विंध्यवासिनी मंदिर, अष्टभुजा और काली खोह जाने वाले मार्गों को स्मार्ट रोड की तर्ज पर विकसित करने के निर्देश दिए।

रेलवे अंडरपास में जलभराव पर जताई चिंता

बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या उठाए जाने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थायी समाधान के लिए रेल मंत्रालय से समन्वय स्थापित किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों ने सौंपे विकास प्रस्ताव

बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री एवं मीरजापुर सांसद अनुप्रिया पटेल सहित विभिन्न विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की सड़क, पुल, बाईपास, लघु सेतु और अन्य विकास परियोजनाओं के प्रस्ताव मुख्यमंत्री को सौंपे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, मंत्री आशीष पटेल, राज्यमंत्री बृजेश सिंह, राज्यमंत्री संजीव गौड़, विधायक रत्नाकर मिश्र, अनुराग सिंह, सुचिस्मिता मौर्य, रमाशंकर सिंह पटेल, रिंकी कोल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: सूर्योदय समाचार, मीरजापुर

ब्यूरो चीफ तारा त्रिपाठी मिर्जापुर 

Suryodaya Samachar
Author: Suryodaya Samachar

खबर से पहले आप तक

Leave a Comment

Live Cricket

ट्रेंडिंग