Mirzapur murder case :- जरगो जलाशय में मछली मारने के आरोप में ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा युवक की हत्या किए जाने के मामले में मृतक के परिजनों की उम्मीदें अब टूट चुकी हैं। 21 अगस्त को हुए इस दर्दनाक कांड में प्रदीप पटेल को हांकी के डंडों से बेरहमी से पीटने के बाद जलाशय में डुबोकर मार डाला गया था। घटना के बाद से ही मृतक की पत्नी प्रियंका पटेल का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन देते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी, आईजी राकेश प्रकाश सिंह, डीएम पवन कुमार गंगवार और एसएसपी सोमेन वर्मा सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने ठेकेदार के कर्मचारियों कृष्णानंद, सुरेश सिंह, मनीष प्रजापति और सुजीत चौबे के खिलाफ हत्या समेत संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों को पकड़कर पूछताछ कर रही है।
हत्या की सूचना मिलते ही प्रदीप पटेल का पूरा गांव आक्रोशित हो गया था। गुस्साए ग्रामीण जरगो जलाशय पहुंचकर जमकर हंगामा करने लगे। भीड़ बढ़ने पर अहरौरा थाने की पुलिस हालात काबू में नहीं कर पाई तो आसपास के थानों की पुलिस और पीएसी फोर्स तैनात करनी पड़ी। इमिलियाचट्टी बाजार जाम होने पर आला अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और फिर परिजनों को सुपुर्द किया गया।
मृतक के पिता रामअक्षत पटेल ने आंसुओं के बीच कहा –
“जिस बेटे को मुझे मुखाग्नि देनी चाहिए थी, आज उसी बेटे को अपनी आग से विदा करना पड़ रहा है।”
गांव का माहौल अब भी गमगीन और सहमा हुआ है। शांति बनाए रखने के लिए जलाशय, बाजार, सोनबरसा त्रिमुहानी और इमामबाड़ा इलाके में भारी पुलिस और पीएसी बल तैनात है।
क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन मुनेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि विवेचना की जिम्मेदारी प्रभारी निरीक्षक अहरौरा अजय सेठ को सौंपी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि हत्या के बाद बिगड़े हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।
Mirzapur News :- मीरजापुर में सपा की जन जागरण साइकिल यात्रा, गूंजे सरकार विरोधी नारे
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







