Mirzapur: उत्तर प्रदेश पुलिस ने अवैध घुसपैठियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोतवाली कटरा की पुलिस टीम ने फर्जी/कूटरचित दस्तावेजों के सहारे भारत में अवैध रूप से रह रहे चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में 6 अप्रैल 2026 को रेलवे स्टेशन मीरजापुर के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम मो. सबूज हुसैन, निवासी जिला ठाकुरगांव, रंगपुर (बांग्लादेश) बताया। उसके निशानदेही पर डगमगपुर पड़री स्थित पी.के. क्रेशर प्लांट से तीन अन्य व्यक्तियों — सब्बीर हुसैन, नरेश दास एवं जय दास — को गिरफ्तार किया गया।
Mirzapur news :- 15 दिन में ही जवाब दे गया पुल, मिर्जापुर का पीपा पुल बना खतरे की घंटी
पुलिस जांच में सामने आया कि सभी चारों अभियुक्त बांग्लादेश से दलाल के माध्यम से अवैध रूप से सीमा पार कर पश्चिम बंगाल पहुंचे थे। वहां से विभिन्न रास्तों (आगरा होते हुए) मीरजापुर आए और अपनी असली पहचान छिपाकर क्रेशर प्लांट पर काम करने लगे।
दो अभियुक्तों ने बिहार के पते पर फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड भी बनवा लिए थे। पुलिस अब इनके माध्यम से सक्रिय दलालों और फर्जी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह की तलाश कर रही है।
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस लाइन में प्रेस कांफ्रेंस कर इस मामले का खुलासा किया। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अवैध प्रवेश, फर्जी दस्तावेज बनाने और भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
Reporter :- तारा त्रिपाठी ब्यूरो चीफ मिर्जापुर सूर्योदय समाचार
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







