Mirzapur Accident :- मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सुखदरिया दरी में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। वाराणसी के रामनगर से पिकनिक मनाने आए दो युवक नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से एक युवक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे युवक की देर शाम तक तलाश जारी रही। रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ की टीम भी जुटी रही।
15 दोस्तों के साथ पहुंचे थे पिकनिक मनाने
जानकारी के अनुसार, वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र के वाजिदपुर रामपुर निवासी 30 वर्षीय विकास झा और 29 वर्षीय अजय कश्यप अपने 13 दोस्तों के साथ सुखदरिया दरी घूमने आए थे। शाम को भोजन करने के बाद विकास और अजय स्नान के लिए पानी में उतरे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी
साथियों की सूचना पर अहरौरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। कुछ देर बाद विकास झा का शव बरामद कर लिया गया। वहीं अजय कश्यप का देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका। बाद में एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और खोज अभियान तेज किया।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक विकास झा पूजा-पाठ कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन छोटे बच्चे हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। दूसरी ओर लापता अजय कश्यप एक निजी बैंक में कार्यरत हैं। उनकी शादी हाल ही में 11 जुलाई को हुई थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने दोस्तों को पार्टी देने के लिए यह पिकनिक आयोजित की थी।
FIFA World Cup :- स्पेन ने अर्जेंटीना को हराकर जीता खिताब, मेसी की टीम टाइटल बचाने में रही नाकाम
एक और जलप्रपात पर युवक डूबने से बचा
इसी दिन मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित कुशियरा जलप्रपात पर भी एक युवक स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे समय रहते बाहर निकाल लिया। गंभीर हालत में उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने लोगों से की अपील
पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि जलप्रपातों और गहरे जलाशयों में स्नान करते समय पूरी सावधानी बरतें तथा चेतावनी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







