मिर्जापुर :- मिर्जापुर के कछवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मीतई गांव से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे व्यक्ति की पुश्तैनी कृषि भूमि पर दबंगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। पीड़ित कैंसर रोगी की शिकायत और तहसील दिवस पर दिए गए तहरीर के बावजूद दबंगों की मनमानी और पुलिस की निष्क्रियता ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति लंबे समय से कैंसर से पीड़ित है और शारीरिक रूप से बेहद कमजोर हो चुका है। इसी का फायदा उठाते हुए कुछ स्थानीय दबंगों ने उसकी अनुपस्थिति और बीमारी का लाभ उठाकर उसकी जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया। पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाते हुए तहसील दिवस पर उप जिलाधिकारी से शिकायत की थी, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी ने विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण या निर्माण पर रोक लगाने का स्पष्ट आदेश दिया था।
लेकिन अफसोसजनक बात यह रही कि उक्त आदेश को नजरअंदाज करते हुए स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से दबंगों ने न सिर्फ जमीन पर कब्जा किया, बल्कि खेत में पीला झंडा गाड़कर अपनी दावेदारी भी ठोक दी। पीड़ित ने थाना कछवा और तहसील कार्यालय के बीच चक्कर लगाते हुए मदद की गुहार लगाई, लेकिन कहीं से कोई सुनवाई नहीं हुई।
पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने दबंगों के पक्ष में मौन सहमति दे रखी है और शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित का स्वास्थ्य दिन-प्रतिदिन गिरता जा रहा है और वह मानसिक रूप से भी टूट चुका है। ऐसे में प्रशासन की निष्क्रियता और पुलिस की उदासीनता पीड़ित को और अधिक पीड़ा दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दबंग किस्म के लोग अक्सर कमजोर व असहाय व्यक्तियों की संपत्तियों पर नजर गड़ाए रहते हैं और उन्हें धमकी देकर या प्रशासनिक व्यवस्था का फायदा उठाकर कब्जा कर लेते हैं। ऐसे मामलों में जब तक प्रशासन सख्ती न दिखाए, तब तक पीड़ितों को न्याय मिलना मुश्किल है।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या त्वरित कदम उठाता है और क्या पीड़ित को न्याय मिल पाएगा। पीड़ित की एकमात्र उम्मीद अब न्यायपालिका और उच्च अधिकारियों पर टिकी हुई है।
मांग की जा रही है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी दबंगों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी गरीब, लाचार और बीमार व्यक्ति की जमीन को इस तरह हड़पा न जा सके।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







