CJ Roy :- रियल एस्टेट जगत का बड़ा नाम रहे कॉन्फिडेंट ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन सीजे रॉय का अचानक निधन हो गया। उनकी पहचान एक सफल कारोबारी के साथ-साथ लग्ज़री लाइफस्टाइल के लिए भी थी। दक्षिण भारत से लेकर दुबई तक फैले प्रोजेक्ट्स के जरिए उन्होंने रियल एस्टेट सेक्टर में अपनी अलग पहचान बनाई।
करीब दो दशकों तक सक्रिय रहे कॉन्फिडेंट ग्रुप ने कर्नाटक, केरल और दुबई में कई बड़े रिहायशी और कमर्शियल प्रोजेक्ट विकसित किए। बेंगलुरु स्थित कंपनी ने प्रीमियम हाउसिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में मजबूत पकड़ बनाई थी।
सीजे रॉय अपने शानदार जीवनशैली को लेकर भी चर्चा में रहते थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उन्हें दुनिया की सबसे तेज़ रोड-लीगल कारों में से एक बुगाटी वेयरॉन चलाते देखा गया था। भारत में इस सुपरकार की कीमत लगभग 11 करोड़ रुपये बताई जाती है। इन वीडियो ने उन्हें एक हाई-प्रोफाइल और ग्लैमरस बिजनेसमैन की छवि दी।
उनकी अचानक मौत की खबर से रियल एस्टेट और कारोबारी जगत में शोक की लहर है। उद्योग जगत के कई लोगों ने उन्हें एक दूरदर्शी उद्यमी बताया, जिन्होंने अपने दम पर बड़ा कारोबारी साम्राज्य खड़ा किया।
सीजे रॉय की सफलता की कहानी एक साधारण शुरुआत से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने तक की रही। हालांकि उनकी असामयिक मृत्यु ने कई सवाल भी खड़े किए हैं और उनके समर्थक व सहयोगी इस घटना से स्तब्ध हैं।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







