Chennai rains :- तमिलनाडु के कई हिस्सों में पिछले दो दिनों से जारी भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। लगातार हो रही बरसात से सामान्य जीवन पर गहरा असर पड़ा है। इस बीच, मौसम विभाग ने चेन्नई और थिरुवल्लूर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने चेन्नई, थिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में मंगलवार (2 दिसंबर) को स्कूल और कॉलेज बंद करने का आदेश दिया है।
बरसात नहीं थम रही, चक्रवात ‘डिडवा’ कमजोर लेकिन असर जारी
हालांकि बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात डिडवा अब कमजोर हो चुका है, लेकिन इससे उत्पन्न मौसम प्रणाली के असर से बारिश लगातार जारी है। सोमवार सुबह से ही चेन्नई और आसपास के इलाकों में तेज बारिश हो रही है, जिससे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पानी भर गया है।
कई रिहायशी इलाकों में जलभराव
अंबत्तूर, अवडी, विरुगंबाक्कम, वडपलनी सहित कई इलाकों में पानी भर जाने से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
ग्रीनवे रोड और अन्य जगहों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। नगर निगम की टीमें, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ कर्मी लगातार पानी निकासी और पेड़ हटाने का कार्य कर रहे हैं।

सड़कों पर आवाजाही बाधित
कई निचले क्षेत्रों में जलभराव बढ़ने से मुख्य सड़कों और अंडरपासों में वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। कई जगहों पर लोग घंटों ट्रैफिक में फंसे रहे।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया है कि चेन्नई और थिरुवल्लूर में आज 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज हो सकती है।
निचले दबाव क्षेत्र के और करीब आने के कारण अगले कुछ घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं।
बचाव टीमें अलर्ट मोड पर
लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए आसपास के जिलों से एनडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें चेन्नई भेजी गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव कार्य तेज़ी से किया जा सके।
लोगों से घर में रहने की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और मौसम विभाग तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
Geeta Jayanti 2025: श्रीकृष्ण के अलावा और किसने, किसे दिया था गीता का ज्ञान? जानें कम-ज्ञात तथ्य
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







