Unnao News :- उन्नाव जिले में शादी के महज 30 दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शादी की वन मंथ एनिवर्सरी मनाने के बाद अगली सुबह महिला का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मामला दही थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान 24 वर्षीय स्वेच्छा वर्मा के रूप में हुई है, जिनकी शादी 4 दिसंबर को 26 वर्षीय सूरज सिंह से हुई थी। दोनों ने परिजनों की सहमति से प्रेम विवाह किया था।
4 दिसंबर को हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, 4 जनवरी को स्वेच्छा और सूरज की शादी को एक महीना पूरा हुआ था। इस मौके पर घर में केक काटकर सेलिब्रेशन किया गया, हालांकि सूरज फैक्ट्री में काम के चलते छुट्टी नहीं ले पाए थे। देर रात करीब तीन बजे सूरज काम से लौटे और पत्नी को सोता हुआ देखकर स्वयं भी आराम करने चले गए।
सुबह करीब पांच बजे जब सूरज की नींद खुली तो स्वेच्छा बिस्तर पर नहीं मिली। तलाश करते हुए जब वह पास के कमरे में पहुंचे तो वहां स्वेच्छा दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से लटकी हुई मिली। यह देख वह चीख पड़े, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे।

मृतका के भाई हनी ने बताया कि वह एक दिन पहले बहन के घर केक और चॉकलेट लेकर गए थे, जिस पर स्वेच्छा ने हल्के नाराजगी के साथ कहा था कि इसकी जरूरत नहीं थी। इसके बावजूद घर में किसी तरह के तनाव या विवाद की बात सामने नहीं आई है।
घर की बड़ी बेटी थी स्वेच्छा
पड़ोसियों के अनुसार, स्वेच्छा के पिता का कोरोना काल में निधन हो गया था और वह घर की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। मोहल्ले में उनकी एक छोटी दुकान थी। इसी दौरान सोशल मीडिया के जरिए उनकी पहचान सूरज सिंह से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उन्होंने शादी कर ली।
ससुर श्याम नरेश सिंह का कहना है कि घर का माहौल सामान्य था और किसी तरह का झगड़ा नहीं हुआ था। ऐसे में स्वेच्छा द्वारा उठाया गया यह कदम सभी के लिए हैरानी भरा है।
दही थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या व अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







