Mirzapur News : राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल वसूली के बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। नरायनपुर में बुधवार सुबह आलूमिल के सामने हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद सड़क की दुर्दशा और जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है।
पुलिस के अनुसार अपाचे बाइक संख्या UP 63 BJ 2417 पर सवार तीन लोग अहरौरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आलूमिल के सामने एक अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Mirzapur News : नरायनपुर तिराहे से पुलिस चौकी तक सड़क पर गड्ढों का जाल
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-35 की बदहाल स्थिति एक बार फिर चर्चा में आ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नरायनपुर तिराहे से पुलिस चौकी तक करीब एक किलोमीटर सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं और गिट्टी बिखरी पड़ी है।
Weather Update: चक्रवाती तूफान अर्नब ने बदला मौसम, यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट; बढ़ेगी ठंड
लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार शिकायत की गई लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। आरोप है कि क्षतिग्रस्त हिस्सों पर केवल गिट्टी डालकर औपचारिकता पूरी कर दी जाती है। कुछ समय बाद सड़क फिर उसी हालत में पहुंच जाती है।
Mirzapur News : 20 किलोमीटर के दायरे में तीन टोल प्लाजा, फिर भी रखरखाव पर सवाल
स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि करीब 20 किलोमीटर के दायरे में तीन टोल प्लाजा होने के बावजूद सड़क की सफाई और रखरखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं है। वाहन चालकों से टोल और सड़क कर वसूला जाता है लेकिन उन्हें सुरक्षित और बेहतर सड़क सुविधा नहीं मिल पा रही है।
लोगों के मुताबिक सड़क पर बिखरी गिट्टी दोपहिया वाहन चालकों के लिए विशेष रूप से खतरनाक है। इससे बाइक फिसलने और संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है। वहीं कई स्थानों पर मरम्मत के नाम पर सड़क खोदकर काम अधूरा छोड़ दिए जाने से आवागमन में परेशानी होती है।
Mirzapur News : तीन मौतों के बाद जिम्मेदार विभागों से जवाब मांग रहे लोग
नरायनपुर हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और सड़क रखरखाव की जिम्मेदारी संभालने वाली एजेंसी से जवाबदेही तय करने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की खराब स्थिति को नजरअंदाज करना वाहन चालकों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।
लोगों ने मांग की है कि नरायनपुर तिराहे से पुलिस चौकी तक क्षतिग्रस्त सड़क की स्थायी मरम्मत कराई जाए। सड़क पर फैली गिट्टी हटाई जाए और अधूरे निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही नियमित सफाई और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
हालांकि पुलिस जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। लेकिन इस दर्दनाक घटना ने सड़क सुरक्षा और रखरखाव से जुड़े सवालों को फिर सामने ला दिया है। अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी और जिम्मेदार एजेंसी सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए कब ठोस कदम उठाते हैं।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक






