Annapurna bhandar :- पश्चिम बंगाल की नई भाजपा सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ी कल्याणकारी योजना ‘अन्नपूर्णा भंडार’ की शुरुआत कर दी है। बुधवार को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने योजना के आवेदन फॉर्म जारी किए। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने ₹3000 की सहायता राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी।
सरकार के मुताबिक, योजना का लाभ उन महिलाओं को मिलेगा जो आयकर दायरे में नहीं आतीं और निम्न आय वर्ग से जुड़ी हैं। राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए दी जाएगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि पिछली सरकार की ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना में कई अनियमितताओं की शिकायतें मिली थीं। जांच में ऐसे नाम भी सामने आए जो पात्र नहीं थे। इसी वजह से नई योजना में सत्यापन प्रक्रिया को काफी सख्त बनाया गया है।
1 जून से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
सरकार ने बताया कि योजना के लिए आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किए जा सकेंगे। 1 जून से अगले 90 दिनों तक ब्लॉक कार्यालयों, नगर निगम कार्यालयों और ऑनलाइन पोर्टल पर फॉर्म जमा किए जा सकेंगे। पंचायत स्तर पर भी विशेष अभियान चलाकर लोगों को योजना की जानकारी दी जाएगी।
करीब 2 करोड़ महिलाओं को मिल सकता है लाभ
सरकार का अनुमान है कि योजना का फायदा करीब 2 करोड़ महिलाओं तक पहुंच सकता है। आवेदन प्रक्रिया के दौरान लाभार्थियों के दस्तावेज, बैंक खाते और पात्रता की जांच की जाएगी। मृत, फर्जी और अवैध नामों को सूची से हटाया जाएगा।
महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने पर फोकस
महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि सरकार का मकसद जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। योजना के जरिए महिलाओं को घर खर्च और दैनिक जरूरतों में राहत मिलेगी।
राशन :- ‘सार्थक-PDS’ से बदलेगी राशन व्यवस्था, फर्जी कार्डधारकों पर सख्ती, गरीबों को मिलेगा पूरा हक
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक






