Lakheempur kheeri :- लखीमपुर-खीरी जिला अस्पताल से एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। धौरहरा क्षेत्र के माधोपुर निवासी 14 वर्षीय किशोरी प्राची वर्मा की इलाज के अभाव में मौत हो गई। मृतका दो दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराई गई थी।
परिजनों का आरोप है कि बीती रात किशोरी की हालत अचानक गंभीर हो गई, जिसके बाद वे लगातार डॉक्टरों को बुलाते रहे और मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन एक भी डॉक्टर मौके पर इलाज के लिए नहीं पहुंचा। परिजनों का कहना है कि सभी डॉक्टर ठंड में रजाई ओढ़कर सोते रहे और मरीज को देखने कोई नहीं आया।
इलाज न मिलने के कारण प्राची वर्मा ने दम तोड़ दिया। अस्पताल परिसर में ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के मामा ने फोन पर बताया कि सुबह करीब 5 बजे उनकी भांजी से बात हुई थी, तब उसने कहा था कि उसकी तबीयत बहुत खराब हो रही है, लेकिन कोई डॉक्टर उसे देखने नहीं आ रहा है।
बताया जा रहा है कि मृतक किशोरी नकहा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजबहादुर वर्मा की नातिन थी। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा, एसडीएम सदर अश्वनी कुमार और नकहा ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों द्वारा परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल घटना को लेकर अस्पताल प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजन दोषी डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से मामले की जांच के आश्वासन की बात कही जा रही है।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







