PM kisan nidhi :- ओडिशा की राज्य सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत प्रदेश के लगभग 35 लाख किसानों के खातों में 697 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भेजी है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने यह राशि 20वीं किस्त के रूप में ट्रांसफर की।
शनिवार को आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री माझी ने कृषि एवं किसान सशक्तिकरण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और लाभार्थी किसानों को प्रत्यक्ष तौर पर सहायता राशि दी। यह ट्रांसफर पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किया गया, जिसमें पात्र किसानों को 2,000 रुपये प्रति लाभार्थी की दर से सहायता मिली।
देशभर के किसानों को ₹20,500 करोड़ मिले
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उत्तर प्रदेश के वाराणसी से देश के 9.7 करोड़ किसानों को कुल ₹20,500 करोड़ रुपये की 20वीं किस्त सौंपी। वहीं, ओडिशा में मुख्यमंत्री ने 34.85 लाख से अधिक किसानों को यह किस्त ट्रांसफर की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “हमारी सरकार ने केवल एक साल में कई किसान-कल्याण योजनाएं शुरू की हैं। इन योजनाओं का लाभ किसानों को सीधे मिल रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि अब राज्य सरकार किसानों को हर साल ₹10,000 की सहायता दे रही है — जिसमें से ₹4,000 राज्य योजना से और ₹6,000 केंद्र सरकार के तहत प्रदान किया जाता है।
शहरी किसानों को भी मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री माझी ने बताया कि इस योजना का दायरा केवल ग्रामीण ही नहीं, शहरी किसानों तक भी बढ़ाया गया है। उन्होंने यह दिन ‘पीएम किसान दिवस’ के रूप में मनाए जाने की घोषणा की और राज्य के सभी जिलों, ब्लॉकों और पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के हर योग्य किसान को इस योजना में शामिल किया जाए ताकि कोई भी किसान वंचित न रहे।
जैविक खेती और कृषि आय में वृद्धि पर जोर
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने कहा कि ओडिशा को हाल ही में “एग्रीकल्चर टुडे” अवॉर्ड प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि किसानों को मिली यह धनराशि बीज, उर्वरक और कृषि संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद करेगी।
सिंहदेव ने कहा कि “किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ अब हमें जैविक खेती की ओर बढ़ना होगा, जिससे न केवल आय बढ़ेगी, बल्कि स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहेगा।”
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक







