Mirzapur News :- जिले में आए भीषण आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। विंध्य क्षेत्र के जमालपुर ब्लॉक सहित कई गांवों में तेज हवाओं और बारिश ने भारी तबाही मचाई। सैकड़ों गरीब परिवारों के कच्चे घर ताश के पत्तों की तरह बिखर गए, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि शेरवां पुलिस चौकी का बोर्ड भी उखड़कर गिर गया। कई जगहों पर बिजली के खंभे और पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हुआ, वहीं पेड़ों के मकानों और टिन शेड पर गिरने से अतिरिक्त नुकसान की खबरें सामने आई हैं।
लठिया सहिजनी, चौकियां, भाईपुर, भोकरौध, बहादुरपुर, बेलहर, दौलताबाद, बिक्सी जफराबाद और सुरहां खड़ेहरा जैसे गांवों में गरीब परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। कई घरों की दीवारें गिर गईं और छप्पर-छानी में रखा सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
इस आपदा में रामलखन, अतवारी, पप्पू, रजिंदर, लवकुश, बाबूलाल, रामबिलास, सावित्री, सीता देवी, रामप्यारे, रामआसरे और राजाराम सहित कई परिवारों को भारी क्षति हुई है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और अन्नदाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का जल्द सर्वे कराकर पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।
👉 फिलहाल लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं और प्रशासन से राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
Author: Suryodaya Samachar
खबर से पहले आप तक






